संवाददाता/नई दिल्ली। भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यालय में बुधवार को चार सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की पहली बैठक हुई। दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में लगी दिल दहला देने वाली आग जिसमें 43 लोगों की जान चली गई और करीब 56 लोग घायल हुए, इस घटना की जांच के मद्देनजर इस बैठक का आयोजन किया गया। मृतकों और घायलों के परिवारों से संपर्क कर उन तक हर संभव मदद पहुंचाने को लेकर समन्वय कमेटी की भी बैठक हुई।
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की बैठक में रिटा. कानून सचिव पी.के मल्होत्रा, रिटा. हाई कोर्ट जज मूलचंद गर्ग, पूर्व ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. यशपाल चंद्र डान्गे और पूर्व ज्वाइंट सीपी भैरों सिंह गुर्जर ने हिस्सा लिया। समन्वय कमेटी की बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा एवं योगिता सिंह, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष मनीष सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मो. हारुन, डॉ. सरदार खान ने हिस्सा लिया। फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के सदस्य पूर्व ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. यशपाल चंद्र डांगे ने कहा कि दिल्ली की अनाज मंडी में हुए अग्निकांड में लोगों ने कई अपनों को खो दिया, जिसकी जिमेदारी दिल्ली सरकार को लेनी चाहिए लेकिन वो इस घटना को लेकर गंभीर नहीं है इसलिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी सात दिन के अंदर इस घटना की जांच कर के रिपोर्ट देगी।
इस घटना के हर बिंदु पर जांच के बाद सच जनता के सामने आएगा और इसके लिए जो भी जि मेदार होगा उसके खिलाफ कोर्ट से कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। जो अधिकारी अपना काम ढंग से नहीं करते और नियमों का उल्लंघन कर रहे अवैध फैक्ट्रियों को मंजूरी दे देते हैं उन पर भी कार्रवाई की मांग होगी ताकि आने वाले दिनों में ऐसी दिल-दहलाने वाली घटना ना हो।
समन्वय समिति की बैठक में पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि इस अग्निकांड में जिन परिवारों ने अपनों को खोया है साथ ही जो पीडि़त हैं उनसे भाजपा कार्यकर्ता लगातार संपर्क में है और उनकी हर मुमकिन मदद की जा रही है। सभी भाजपा कार्यकर्ता जरूरतमंदों और पीडि़त परिवारों तक सहायता राशि पहुंचाने और घायलों का समुचित इलाज हो इसके लिए उनके संपर्क में हैं और आगे भी रहेंगे।

