संवाददाता/नई दिल्ली। मोहल्ला क्लीनिक को विश्व का सबसे बेहतर स्वास्थ्य सेवा केन्द्र बताकर अपनी पीठ थपथपाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के झूठ का पर्दाफाश करने को लेकर सूचना के अधिकार से प्राप्त हुई जानकारी के आधार पर भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने करदाताओं के पैसों को निजी हित में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुये कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली की जनता को बताएं की वो क्यों नहीं दिल्ली सरकार के अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक में अपना और अपने मंत्रियों और उनके परिवारों का इलाज कराते है।
आर.टी.आई. से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2015 में सत्ता में आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा उनका और उनके परिवार का प्राईवेट अस्पताल व दवाइयों में किया गया कुल खर्चा 12,18,027 रूपये है, जोकि समान्य प्राशसनिक विभाग दिल्ली सरकार ने चुकाया है। वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया उनसे एक कदम और आगे है, उनका व उनके परिवार का निजी अस्पताल में कराये गये इलाज व दवाइयों का खर्च 13,25,329 रूपये है, मंत्री गोपाल राय का कुल खर्च 7,22,558 है और मंत्री इमरान हुसैन का 2,46,748 रूपये है।
मनोज तिवारी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से सवाल करना चाहता हूं कि दुनिया मोहल्ला क्लीनिक और दिल्ली सरकार के अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं का महंगे विज्ञापनों द्वारा ढ़िढोरा पीटने वाले केजरीवाल जनता को वास्तविकता से परिचित क्यों नहीं कराते हैं। क्या आपको अपनी सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा नहीं है तो जनता को किसके भरोसे छोड़ रहे है। स्पष्ट है दिल्ली सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है। केजरीवाल दिल्ली की जनता को खस्ता मोहल्ला क्लीनिक के हवाले छोड़ दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि अपना, अपने परिवार व अपने मंत्रियों का इलाज निजी और महंगे अस्पतालों में करवा रहे हैं। दिल्ली के सामने केजरीवाल की स्वास्थ्य व्यवस्था की इससे जहां पोल खुलती है वहीं पर केजरीवाल के दोहरे चरित्र का पर्दाफाश होता है। श्री तिवारी ने कहा कि आरटीआई से मिली जानकारी से इतना तो साबित हो गया है कि मोहल्ला क्लीनिक और दिल्ली सरकार के अस्पताल इतने ही अच्छे होते तो दिल्ली के मुख्यमंत्री व उनके मंत्री अपना व अपने परिवार का इलाज निजी अस्पतालों में नहीं कराते। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज मोहल्ला क्लीनिक और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवाओं की असलियत जनता के सामने है और जनता इस पर विचार करते हुये जरूर उचित निर्णय लेगी। आखिर दिल्ली की जनता को किस आधार पर दिल्ली के मुख्यमंत्री मोहल्ला क्लीनिक के ऊपर छोड़ना चाहते है जबकि स्वंय उनको अपनी सरकार द्वारा दी जा रही स्वास्थ सेवा पर भरोसा नहीं है। अब समय आ गया दिल्ली की सत्ता से ऐसे लोगों को बेदखल करने का जिन्होंने केवल झूठ व भ्रम का जाल बनाकर किसी न किसी तरह से जनता को ठगने का काम किया है। ऐसे मुख्यमंत्री और मंत्री दिल्ली की जनता को नहीं चाहिए जो जनता के रूपयों पर खुद तो बेहतर सुविधा का लाभ उठाये और जनता को घुट-घुट कर मरने के लिए छोड़ दिया है इसलिये दिल्ली की जनता केजरीवाल को माफ नहीं करेगी और दिल्ली मंे भाजपा को आगामी विधानसभा में जिताकर सत्तासीन करेगी।

