Site icon DHURANDHAR TIMES

CWC की बैठक में हो सकता है बड़ा फैसला, गांधी परिवार के सभी सदस्य दे सकते हैं इस्तीफा

नई दिल्ली। पांचों राज्यों में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई है। इस बैठक में हार के कारणों पर विस्तृत चर्चा होगी। इससे पहले खबर सामने आ रही है कि गांधी परिवार के तीनों सदस्य सीडब्ल्यूसी में सभी को चौंका सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तीनों ही कांग्रेस कार्यसमिति को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव सितंबर में प्रस्तावित हैं लेकिन नेतृत्व पर उठ रहे सवालों के चलते इसे पहले कराया जा सकता है। कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, पार्टी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी सीडब्ल्यूसी को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। हालांकि कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने गांधी परिवारों के सदस्यों द्वारा इस्तीफे दिए जाने की अटकलों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि अज्ञात सूत्रों के हवाले से इस्तीफे की पेशकश की खबर गलत और अनुचित है।

पांचों राज्यों में मिली करारी शिकस्त के बाद वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के आवास पर शुक्रवार की देर शाम जी-23 के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी शामिल हुए। सूत्रों का कहना है कि सीडब्ल्यूसी में शामिल जी-23 के नेता बैठक में चुनावी हार का मुद्दा और पार्टी संगठन में जरूरी बदलाव और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपनी पुरानी मांग उठा सकते हैं। जी-23 समूह प्रमुख सदस्य गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा कांग्रेस कार्य समिति में शामिल हैं। साभार: प्र.सा.