Site icon DHURANDHAR TIMES

चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण पर पूरा देश गौरवान्वित हुआ: योगी आदित्यनाथ

संवाददाता/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण पर आज विधान सभा में सदन की ओर से इसरो के वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई देने के प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा कि इस उपलब्धि से पूरा देश गौरवान्वित हुआ है। यह सभी भारतवासियों के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण ने विश्व स्तर पर भारत के मान व सम्मान को बढ़ाया है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए प्रेरणादायी है। देशवासियों को भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और क्षमता पर गर्व है। इसरो ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक और मापदण्ड स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने इसरो के सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण से भारत विश्व के चुनिन्दा देशों में शामिल हो गया है। उन्होंने इस अभियान का नेतृत्व कर रही लखनऊ की वैज्ञानिक सुश्री ऋतु करिधाल श्रीवास्तव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस पूरे चंद्रयान-2 मिशन में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रयान-2 के रोवर के लिए मैप जेनरेशन व पाथ जेनरेशन की तकनीक उपलब्ध कराने में आईआईटी, कानपुर का भी अहम योगदान है। उन्होंने सदन की ओर से आईआईटी, कानपुर को भी उसके महत्वपूर्ण सहयोग के लिए बधाई दी। उन्होंने चन्द्रयान-2 मिशन की सफलता की कामना की।