Site icon DHURANDHAR TIMES

फैसले से साबित हुआ कि भारत क्यों सर्वश्रेष्ठ है : योगी आदित्यनाथ

संवाददाता/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या मसले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करने वालों को दिल से बधाई दी है। भारत की लोकतांत्रिक मजबूती एक बार फिर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि पांचों न्यायमूर्ति ने जिस प्रकार से एकमत होकर यह फैसला दिया है और जिस प्रकार इसे स्वीकारा है। वह दर्शाता है कि भारत क्यों दुनिया में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार देर शाम अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हम सबने पहले भी अपील की थी कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला हो, उसे स्वीकार करना होगा। हमें बड़ी खुशी है कि सभी लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का खुले दिल से स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि पूरे मीडिया ने जिस तरह से इस मामले को प्रस्तुत किया और नकारात्मकता को नकारते हुए जिस प्रकार से आगे बढ़ाया वह अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह फैसला बहुत कुछ संदेश दे रहा है, एक भारत और श्रेष्ठ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने, किसी परिवार या किसी वर्ग, समुदाय या धर्म से उठकर जो फैसला दिया और जिस प्रकार से इसे स्वीकार किया गया वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद जब वह अयोध्या गए तो मुझे साफ दिखाई देता था कि किस प्रकार से इसकी अनदेखी की गई है, जैसे लगता था कि अयोध्या वनवास में है। अब अयोध्या नई पहचान के साथ देश और दुनिया में नई चमक और आभा के साथ नजर आएगा। वह विश्वास दिलाते हैं कि हर नागरिक की शांति व सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। श्री राम जन्मभूमि पर श्रीराम का भव्य मंदिर श्रीराम की कीर्ति की तरह दुनिया के कोने कोने में भारत की कीर्ति फैलाएगा।