
डेरा मुख्यालय की ओर जाने वाली सड़कों पर कर्फ्यू अभी भी प्रभावी है। किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति के डेरा परिसर में जाने की अनुमति नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह सुरक्षा बलों का बड़ा काफिला डेरा मुख्यालय के भीतर गया जिसमें पुलिस बसें, अर्द्धसैनिक बलों के वाहन, त्वरित प्रतिक्रिया दलों के वाहन, बम निष्क्रिय करने वाले दस्ते, गड़बड़ी रोकने वाले दलों के वाहन, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को लेकर जाने वाले कई वाहन शामिल थे। इनमें जिला प्रशासन के अधिकारियों के दल भी शामिल थे। इस पूरे अभियान के दौरान दमकल गाड़ियों के अलावा जमीन (मिट्टी) खोदने वाले भारी वाहनों और ट्रैक्टरों का भी प्रयोग किया जा रहा है।
हरियाणा पुलिस के महानिदेशक बी. एस. संधू ने कल चंडीगढ़ में कहा था, ‘‘हमने एक रणनीति बनायी है और हमें आशा है कि परिसर को खतरा मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा तलाशी अभियान बिना किसी रूकावट के पूरा होगा। डेरा प्रबंधन ने भी जांच के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ सहयोग करने की इच्छा जतायी है।’’ डेरा प्रबंधन ने आज कहा कि वह इस पूरे अभियान में सहयोग करेगा।
डेरा की अध्यक्ष विपश्यना इंसा का कहना है, ‘‘तलाशी अभियान आज शुरू हुआ है। हमने हमेशा कानून का पालन किया है। हम सरकार के इस अभियान में पूर्ण सहयोग करेंगे और सभी से शांति तथा स्थिरता बनाए रखने की अपील करते हैं।’’
