Site icon DHURANDHAR TIMES

लखनऊ में ट्रेन से उतरते ही मेट्रो में सफर कर सकेंगे यात्री

संवाददाता/लखनऊ :  ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए लखनऊ मेट्रो अपने यात्रियों को विशेष सुविधा देगा। दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन से फुट ओवर ब्रिज को इंटरलिंक किया गया है। ये सीधा लखनऊ जंक्शन पर छोड़ेगा। यह एक तरह से कैब वे जैसा होगा जिससे ट्रेन से उतरते ही यात्री मेट्रो में सफर कर सकेंगे। चारबाग रेलवे स्टेशन जाने में सबसे बड़ी समस्या जाम है। आलमबाग बस अड्डे के निर्माणधीन होने के चलते भारी संख्या में बसें आलमबाग में खड़ी होती हैं। इसलिए लखनऊ मेट्रो ने जाम की समस्या से निजात के लिए यात्रियों का खास ख्याल रखा है। दुर्गापुरी स्टेशन से लखनऊ जंक्शन की दूरी लगभग 700 मीटर है। यहां ट्रेन से उतरते ही यात्री मेट्रो में सफर कर सकते हैं।

मौजूदा समय में उन्हें चारबाग तक पैदल चलकर जाना पड़ता है। ये ब्रिज एनईआर स्टेशन के कॉनकोर्स एरिया को कनेक्ट करता है। यहां जाने के लिए प्लेटफार्म टिकट की जरुरत भी नहीं पड़ेगी। इस पूरी प्रक्रिया के लिए लखनऊ मेट्रो ने एनईआर से अनुमति भी ली है। आने वाले समय में आलमबाग आईएसबीटी भी तैयार हो जाएगा। यहां भी इंटरलिंक व्यवस्था की जा सकती है। खास बात ये है कि मेट्रो के सफर में दिव्यांगों का ख्याल तो रखा ही जाएगा। साथ ही उन्हें ऐसे केस में व्हील चेयर भी स्टेशन के बाहर ले जाने की अनुमति मिल सकेगी। इसके लिए उन्हें अपनी आईडी काउंटर पर जमा करानी होगी जो व्हील चेयर लौटने पर वापस हो जाएगी। एलएमआरसी के एमडी कुमार केशव ने बताया कि एनईआर के यात्रियों द्वारा इस स्टेशन का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाएगा। क्योंकि उनके पास पहले कोई विकल्प नहीं था, लेकिन अब ट्रेन से उतरते ही यात्री मेट्रो में सफर कर सकेंगे।