संवाददाता/देहरादून (विकास नगर)। प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने आज डाकपत्थर स्थित लघु सिंचाई उपखंड कार्यालय के भवन का लोकार्पण करने के साथ-साथ विकासखण्ड विकास नगर में क्षतिग्रस्त नहरों एवं गूलों के पुनर्निर्माण एवं कच्ची गूलों को पक्का करने सहित अनेक सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया।
विकास नगर स्थित डाकपत्थर में 50.91 लाख की लागत से निर्मित लघु सिंचाई उपखंड कार्यालय भवन के लोकार्पण एवं करोडों रूपये की सिंचाई योजनाओं के शिलान्यास अवसर पर प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी केे जयंती पर लघु सिंचाई की अनेक योजनाओं का लोकार्पण किया जा रहा है। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि लघु सिंचाई विभाग के प्रदेश में जितने भी उपखंड परिसर हैं उनमें एक्सफोनिक या हाइड्रोफोनिक कृषि तकनीकी के मॉडल प्रदर्शित करने की भी व्यवस्था होनी चाहिए। ऐसा करने से इसका लाभ कृषकों को भी मिल सकेगा। सिंचाई मंत्री ने कहा कि आमतौर पर हम लोग सिंचाई के लिए पूरे खेत को पानी से भर देते हैं जिससे काफी पानी बेकार चला जाता है। इसलिए आज पानी का संरक्षण बहुत जरूरी हो गया है। दुनिया के कई देशों में स्प्रिंकलर सिस्टम, ड्रिप सिंचाई आदि साधनों का प्रयोग हो रहा है। इसलिए हमारे किसानों को भी इस प्रकार की तकनीकी का इस्तेमाल करना चाहिए। 
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने लघु सिंचाई उपखंड कार्यालय डाकपत्थर परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में सिंचाई विभाग की 466.87 लाख की योजनाओं जिसमें विकासखंड विकास नगर के कटापत्थर, पृथ्वीपुर, जामनखाता, लाखनवाला, तेलपुरा, टी-कट एवं लांघा पसौली नेहरों के कुलावें का शिलान्यास करने के साथ साथ 156.55 लाख की लागत से तेलपुरा नहर के आधुनिकरण एवं नवीनीकरण की योजना का शिलान्यास किया। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद देहरादून के सहसपुर विकासखंड में 227.28 लाख की लागत से हरियावाला नहर के पुनरुद्धार की योजना का शिलान्यास करने के अलावा विकासनगर में 254.62 लाख रुपए लागत से तेलपुरा नहर सेवा मार्ग के आधुनिकरण नवीनीकरण योजना का शिलान्यास करने के अलावा सिंचाई मंत्री ने विकासनगर में विभिन्न आबादी क्षेत्रों उदियाबाग, करौन्दी नाला एवं ग्राम जमनीपुर थप्पड़ की जल निकासी एवं बाढ़ सुरक्षा कार्य की 472.27 लाख रुपए की योजनाओं का शिलान्यास किया।
लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व प्रदेश के पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने सहसपुर स्थित विकास खंड कार्यालय स्थित सभागार में “किसानों से प्रधानमंत्री का अटल संवाद” कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उक्त मौके पर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं एवं किसानों को संबोधित करते हुए श्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने 9 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खाते में 18 हजार करोड़ की नई किस्त का हस्तांतरण कर किसानों के सच्चे हमदर्द होने का प्रमाण दिया है। उन्होने किसानों को भरोसा दिया प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के किसानों को उनका अधिकार और हक मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने क्रांतिकारी भाषण में किसानों के बीच जो संदेश दिया है वह निश्चित रूप से अटल जयंती पर मोदी जी का किसानों के प्रति संकल्प कहा जाएगा।
सहसपुर विकासखंड सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, ओमवीर सिंह राघव, सुखदेव सिंह, नवीन रावत, विनोद कश्यप, यशपाल नेगी, शरद रावत, विनोद लक्खा, श्रीमती मंजू नेगी, विजय पाल सिंह बर्त्वाल एवं विजेंद्र सिंह बर्त्वाल सहित अनेक किसान उपस्थित थे।

