Site icon DHURANDHAR TIMES

पत्रकार पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखें: राजनाथ

संवाददाता/बदायूं    :   उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) ने द्वितीय पत्रकार महोत्सव कृष्णा लॉन में मनाया। पत्रकारिता जगत से जुड़ी वरिष्ठ हस्तियों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता करने का आहवान किया। पत्रकारिता जगत और अन्य सामाजिक हस्तियो को सम्मानित किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व राज्यसभा सांसद राजनाथ सिंह सूर्य ने कहा कि समय के पत्रकारिता में काफी बदलाव आए हैं, जो स्वाभाविक भी हैं। इस स्थिति में पत्रकारों को चाहिए कि अपने काम की गरिमा को बनाए रखें और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी सकारात्मक पत्रकारिता करें।

राज्यसभा मीडिया एडवाइजरी कमेटी सदस्य एवं देशबन्धु के कार्यकारी सम्पादक जयशंकर गुप्ता ने सबसे पहले बदायूं के इतिहास और सामाजिक, साहित्यिक उर्वरा धरती की तारीफ की। उन्होंने कहा कि एकमात्र पत्रकार ही वह प्राणी है, जिसका कोई अपना नहीं होता। न ही उसकी दुर्दशा पर कोई चर्चा करना पसंद करता है। कलम पर हमेशा ही नकारात्मक और गलत लिखने का आरोप लगते रहते हैं। इन बातों को ध्यान में रखकर हमें ईमानदारी से काम करनाा चाहिए, जनहित और तथ्य परक मुद्दों से कभी मुंह नहीं मोड़ें। लखनऊ से आये वरिष्ठ पत्रकार जे.पी. शर्मा के ने कहा कि उपजा ऐसा संगठन है जो वरिष्ठों के मार्गदर्शन में पत्रकार हित, सुरक्षा, सम्मान पर जोर देता है। आज के दौर में पत्रकारिता व्यवसाय बनकर पूंजीपतियों के हाथों में पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी अनीता श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें यहां पत्रकारिता का बहुत ही सकारात्मक रूप देखने को मिला है।

वर्तमान परिवेश में पत्रकारिता की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसलिए सकारात्मक और तथ्यपरक खबरों के जरिए अपनी और इस पेशे की ईमानदारी का परिचय दें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश ने कहा कि सच्ची पत्रकारिता समाज और देश को जगाने का काम करती है, जिससे समाज तरक्की करता है। सदर विधायक महेश चंद गुप्ता, बिल्सी विधायक आरके शर्मा, बिसौली विधायक कुशाग्र सागर ने भी अपने विचारों के माध्यम से स्वच्छ पत्रकारिता को सराहा। उन्होंने कहा कि मीडिया को भड़कीला तो बनाया गया लेकिन उसकी आत्मा को पवित्र बनाने पर काम नहीं हुआ। ऐसे में ईमानदारी से काम करने के लिए यह कठिन परीक्षा का दौर है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव ने कहा कि लोग पत्रकारों से डरते हैं, जो गलत है। हमें बिल्कुल नहीं डरना चाहिए, बशर्ते कि हम अपने आप में खुद ईमानदार हों। पत्रकारिता ने हमेशा समाज के सभी को आईना दिखाने का काम किया है। इसके अलावा अशोक खुराना, डॉ रामबहादुर व्यथित, डा. शेलेंद्र कबीर, हिलाल बदायूंनी, नरेन्द्र गरल, कमला माहेश्वरी, डॉ अक्षत अशेष आदि ने अपनी कविता और शायरी के जरिए पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। पूर्व वरिष्ठ पत्रकारों में मुन्ना बाबू शर्मा, विनोद भारद्वाज, डॉ शैलेन्द्र कबीर, ओमप्रकाश गुप्ता, हरीश गुप्ता को सम्मानित किया गया। वर्तमान श्रमजीवी वरिष्ठ पत्रकारों में सुनील दत्त मिश्रा, संजीव सक्सेना, सुनील मिश्र, सुशील धींगड़ा, मुन्ना लाल गुप्ता, आशु बंसल आदि को सम्मानित किया गया।

युवा मंच संगठन की ओर से बीच-बीच में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी भारत सिंह यादव, दीपमाला गोयल, अशोक भारती, सचिन सूर्यवंशी, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक खुराना, एलआईसी के शाखा प्रबंधक के.के. शर्मा, रामप्रकाश आहूजा, दिलीप गुप्ता, अनुपम गुप्ता जिम्मी, नरेन्द्र दुआ, प्रदीप राठौर, सुनील गुप्ता, दीक्षा माहेश्वरी, राहुल चौबे, वजीरगंज चेयरमैन मोहम्मद उमर कुरैशी, अमित पाठक, संजीव शर्मा, सुमित मिश्रा, गजेन्द्र वैश्य, विवेक चतुर्वेदी, यशवंत सिंह, अशोक गुप्ता, ध्रुव देव गुप्ता आदि मौजूद रहे। इसके अलावा चंदौसी से सौरभ सक्सेना, मुरादाबाद से लव कुमार वार्ष्णेय भी उपस्थित हुए। अंत में प्रदेश कोषाध्यक्ष सचिन भारद्वाज ने आभार व्यक्त किया। महोत्सव के अंत में उन पत्रकारों के परिजनों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया जिन पत्रकारों ने अपने परिजनों को खो दिया है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विष्णुदेव चाणक्य, केबी गुप्ता, सुनील मिश्र, एम सगीर, प्रवीण गुप्ता, अरशद रसूल, सुधीर कश्यप, आलोक मालपाणि, परमिंदर प्रताप, सौरभ शंखधार, कृष्णगौरव, प्रमोद पांडे, आनंद प्रकाश, अवनेश राठौर, राशिद अली सहित अनेक पत्रकार बंधु एवं सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। सं्चालन रविन्द्र मोहन सक्सेना ने किया।