संवाददाता/हरिद्वार। आमजन की शिकायतों का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिये जनता की कोई भी समस्या हो अधिकारी उसका निस्तारण व्यक्तिगत रूचि लेकर हल करना सुनिश्चित करें।
उक्त बात प्रेमनगर आश्रम में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में आम लोगों के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं और शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कही। उन्होने को चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिये जनता की कोई भी समस्या हो, उसका निस्तारण व्यक्तिगत रूचि लेकर हल करना सुनिश्चित करें।
जनता दरबार में कुल 177 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकतर मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष प्रार्थना पत्रों को प्रकरण के निस्तारण में लगने वाले समय के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अगर किसी का फोन आता है, तो उसे अवश्य उठा लें, अगर कहीं व्यस्तता है, तो कॉल बैक जरूर करें। जनता दरबार में प्राप्त होने वाली शिकायतों में जमीन की पैमाईस, स्ट्रीट लाइट लगाये जाने, राशन कार्ड बनवाने, अतिक्रमण हटाने, नाले की सफाई, भूमि सम्बन्धी विवाद निपटाने, सड़क का चौड़ीकरण, तटबन्ध निर्माण, रास्ता बनवाने, कच्चे माइनर को पक्का करने, पानी की निकासी, हैण्डपम्प को रिबोर करने, शस्त्र लाइसेंस दिलाये जाने, विद्युत का कनेक्शन दिलाये जाने, सड़क व पुलिया निर्माण करने, नालों का निर्माण करने, आर्थिक सहायता दिलाये जाने, नहर की पटरी के लिये रास्ता बनाने, तालाब का जीर्णोद्धार करने शौचालयों आदि से सम्बन्धित प्रकरण प्राप्त हुये।

