दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब के लिए भारत के पास पर्याप्त हथियार: रावत
admin
संवाददाता/वाराणसी : थल सेना अध्यक्ष बिपिन रावत ने कहा कि देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारत के पास पर्याप्त हथियार हैं, जो लगातार अपग्रेड किया जा रहे हैं। 9 गोरखा राइफल्स के 200वां स्थापना दिवस समारोह में यहां भाग लेने आए जनरल रावत ने संवाददाताओं के एक सवाल पर कहा, देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सेना के पास हथियारों की कमी नहीं है। आधुनिक हथियारों को और अपग्रेड किया जा रहा है। थल सेना प्रमुख ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की समस्या का समाधान रातों-रात नहीं हो सकता है। वहां तमाम सुरक्षा बल बेहतर तालमेल के साथ अपने-अपने काम कर रहे हैं। शायद यही वजह है कि वहां शरारती तत्वों द्वारा प्रायोजित पत्थरबाजी की घटनाओं में कमी आई है। राज्य की स्थिति सामान्य रखने की तमाम कोशिशें की जा रही हैं। इससे पहले जनरल रावत ने प्रचीन काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। कल उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध शाम की गंगा आरती में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि 9 गोरखा राइफल्स (39 जीटीसी) ने अपनी स्थापना के 200 साल पूरे कर इतिहास रचा है। भारतीय सेना के इतिहास में इसे स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा 200वें स्थापना दिवस में शामिल होने पर मुझे गर्व है। 9 गोरखा राइफल्स की स्थापना वर्ष 1817 में बनारस (वाराणसी) में किया गया था, जिसने प्रथम एवं द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश इंडियन आर्मी और आजादी के बाद भारतीय सेना के एक महत्वपूर्ण अंग के तौर पर कई युद्धों में वीरता की मिशालें कायम कीं।