संवाददाता/गोरखपुर, 26 फरवरी । मानव उत्थान सेवा समिति की शाखा गोरखपुर के तत्त्वावधान में दिनांक 29 फरवरी व 1 मार्च, 2020 को सायं 6 से 9 बजे चंपा देवी पार्क, तारामंडल रोड, गोरखपुर में दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें भारत के विभिन्न तीर्थों, नगरों, महानगरों से पधारे हुए विद्वान संत-महात्माओं, साध्वीजनों, विचारकों एवं विद्वान वक्ताओं के सत्संग-प्रवचन होंगे। सौभाग्य का विषय है कि इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि परमपूज्य श्री सतपाल जी महाराज विशेष रूप से अपने सद्भावना से ओत-प्रोत मार्मिक उद्बोधनों द्वारा इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उपर्युक्त उद्गार सद्भावना सम्मेलन के प्रबंधक महात्मा श्री हरिसंतोषानंद जी ने व्यक्त किए। वे समिति द्वारा आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति एक अखिल भारतीय पंजीकृत समाजसेवी तथा आध्यात्मिक संस्था है। संस्था के प्रेरणास्रोत परमपूज्य श्री सतपाल जी महाराज हैं। समिति का प्रधान कार्यालय 2/12 पूर्वी पंजाबी बाग, नई दिल्ली में स्थित है। देश-विदेशों में इस समिति की हजारों शाखाएं, सैकड़ों आश्रम एवं प्रचार केंद्र है।
महात्मा जी ने कहा कि समिति के मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत परमपूज्य श्री सतपाल जी महाराज के दिशा-निर्देशन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिवर्ष सैकड़ों सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। राष्ट्रीय एकता और साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए सद्भावना जरूरी है। सम्मेलन के आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, मानव प्रेम, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को जागृत करना है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलनों के इसी क्रम में समिति द्वारा दिनांक 29 फरवरी व 1 मार्च, 2020 को सायं 6 से 9 बजे चंपा देवी पार्क, तारामंडल रोड, गोरखपुर में दो दिवसीय सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन की तैयारी द्रुतगति से चल रही है। चंपा देवी पार्क में विशाल वाटर प्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है जिसमें भव्य सत्संग मंच बनाया जा रहा है। आगंतुकों के भोजन और आवास की समुचित व्यवस्था चंपा देवी पार्क में ही की जा रही है। यहां 200 शौचालय एवं अस्थायी स्नानघर भी आगंतुकों के लिए बनाया जा रहा है।
गोरखपुर के प्रभारी महात्मा वीराबाई जी ने यहां के श्रद्धालु जनता से सपरिवार इष्ट मित्रों सहित इस सम्मेलन में आने के लिए आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि 35 वर्षों के बाद परमपूज्य श्री सतपाल जी महाराज सत्संग-प्रवचन करने हेतु पधार रहे हैं। महाराज श्री गोरखपुर के बसारतपुर में नवनिर्मित आश्रम श्री हंस मंदिर का लोकार्पण भी करेंगे। नगर में उनके आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। यहां के श्रद्धालु भक्त महाराजश्री के स्वागत के लिए पलक पाँवडे बिछाए उनके दर्शनों की बाट जोह रहे हैं।

