प्रेट्र/अररिया, 13 मई : राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बेटे तेज प्रताप के विवाह समारोह से लौटते समय एक सड़क हादसे में राजद के किशनगंज जिलाध्यक्ष समेत चार नेताओं की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि प्रदेश के अररिया जिले के सिमराहा थाना अंतर्गत पोठिया गांव में यह घटना हुई ।
किशनगंज के राजद जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम उर्फ बबलू का वाहन डिवाडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी तरफ चला गया जहां सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गयी । इस घटना में वाहन में सवार बबलू तथा तीन अन्य की मौत हो गयी ।
फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मरने वालों में बबलू के अलावा पूर्व मंत्री इस्लामुद्दीन के पुत्र इकरामुल हक बागी, दिघलगंज प्रखंड प्रमुख पप्पु तथा वाहन चालक शामिल है ।
उन्होंने बताया कि ये सभी राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बडे बेटे तेजप्रताप यादव की पटना में आयोजित विवाह समारोह में शिरकत करने के बाद किशनगंज लौट रहे थे। बताया जाता है कि पोठिया गांव के निकट वाहन चालक को नींद आ गयी । इस कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए ट्रक से टकरा गयी ।अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है ।
