Site icon DHURANDHAR TIMES

अलीगढ़ में बारूद से धमाका, दो की मौत

संवाददाता/अलीगढ़ : जनपद अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक मकान में आतिशबाजी के बारूद से हुए धमाके से छत उड़ गई। छत के मलबे के नीचे दबकर घायल हुई महिला व उसकी बच्ची की अस्पताल में मौत हो गई। हरदुआगंज थाना क्षेत्र के जलाली कस्बा में आतिशबाजी का काम करने वाला रफीक अपने परिवार के साथ रहता है।

गुरुवार की रात को उसके मकान में रखे आतीशबाजी के सामान में जोरदार धमाका हुआ और कमरें में भोजन पका रही रफीक की पत्नी अफ्सरी (42), बेटी सहिबा (15), शकीला और मंतीषा धमाके से नीचे गिरी छत के मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर दो महिलाओं व दो बच्चियों को बाहर निकाला। तब तक मौके पर हरदुआगंज इंस्पेक्टर डॉ. विनोद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ पहुंच गए और उन्होंने गम्भीर रूप से घायल अफ्सरी और सहिबा को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हो गए हैं। शुक्रवार को सुबह हरदुआगंज पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस जोरदार धमाके की वजह जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि रफीक मूलरूप से एक आतीशबाजी का सामान बनाने वाला कारीगर है। जिसके बनाए हुए आतिशबाजी के सामान उसके मकान के एक कमरे में रखे हुए थे। प्रथम दृष्टया आतिशबाजी के सामान के बारूद में आग लगने से ही धमाका हुआ और छत गिर पड़ी। उन्होंने बताया कि घटना में एक महिला व एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों को बचा लिया गया।